रायपुर-विशाखापट्टनम के बीच चलने वाली यह ट्रेन अप्रैल में 6 दिन रहेगी रद्द
रायपुर। रायपुर और विशाखापट्टनम के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए अहम सूचना है। ईस्ट कोस्ट रेलवे के संबलपुर मंडल अंतर्गत मुनिगुड़ा–भीषमकट्टक सेक्शन में चल रहे अवसंरचना कार्यों के कारण इस रूट की पैसेंजर ट्रेनें अप्रैल माह में 6 दिन रद्द रहेंगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस सेक्शन में आरसीसी सेगमेंट बॉक्स की स्थापना तथा आरवी-230 रिलीविंग गर्डर की लॉन्चिंग और डी-लॉन्चिंग का कार्य किया जाना है। इन तकनीकी कार्यों के दौरान ट्रैफिक कम पावर ब्लॉक लिया जा रहा है, जिससे यातायात प्रभावित होगा।
प्रभावित ट्रेनों में
ट्रेन संख्या 58528: विशाखापट्टनम–रायपुर पैसेंजर
ट्रेन संख्या 58527: रायपुर–विशाखापट्टनम पैसेंजर
शामिल हैं। ये दोनों ट्रेनें 9, 11, 13, 20, 23 और 25 अप्रैल 2026 को रद्द रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि यह ट्रेन छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में शादी-विवाह और गर्मी की छुट्टियों के सीजन में ट्रेन रद्द होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

admin 





