शिवरीनारायण में आज से जगद्गुरु रामभद्राचार्य सुनाएंगे श्रीराम कथा
रायपुर। शिवरीनारायण में आज से पांच मई तक नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य के सानिध्य में संपन्न होगा। कथा का वाचन प्रतिदिन शाम चार बजे से छह बजे तक होगा, जिसमें श्रद्धालु भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और भक्ति के संदेशों से जुड़ सकेंगे।
कथा का आयोजन हरिवंश कृपाराम मिलेंगे आश्रम, तेंदुआ धाम, कुरियारी (शिवरीनारायण) में किया जाएगा। आयोजन स्थल को विशेष रूप से सजाया और व्यवस्थित किया जा रहा है, जहां प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। स्वामी रामभद्राचार्य 22 भाषाओं के विद्वान, 250 से अधिक ग्रंथों के रचयिता और ज्ञानपीठ एवं साहित्य अकादमी सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत हैं। वे दिव्यांग विश्वविद्यालय के आजीवन कुलाधिपति भी हैं।
आयोजन में एक दिन दिव्यांगजनों, एक दिन रक्तदाताओं, एक दिन कुष्ठ रोगियों और एक दिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समर्पित रहेगा। इसके अतिरिक्त 27 और 28 अप्रैल को वासुदेवानंद सरस्वती के आगमन की संभावना है। किन्नर अखाड़ा से कौशल्या नंद गिरी भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगी। साथ ही प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नायक मंगल पांडेय के परिवार से पद्मश्री उमाशंकर पांडेय के भी शामिल होने की सूचना है।

admin 





