संवाद से समाधान अभियान: रायपुर पुलिस ने जनता से किया सीधा संवाद, जुए के खिलाफ कार्रवाई

संवाद से समाधान अभियान: रायपुर पुलिस ने जनता से किया सीधा संवाद, जुए के खिलाफ कार्रवाई

रायपुर। शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आम लोगों से सीधे जुड़ने के लिए रायपुर पुलिस ने 9 अप्रैल 2026 को “संवाद से समाधान” अभियान चलाया। इस दौरान शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह गहरवार ने नगर निगम गार्डन में, गंज थाना प्रभारी दीपक पासवान ने चुनाभट्टी स्कूल के पास, मौदहापारा थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने मेकाहारा परिसर में और गोलबाजार थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने राजीव आवास क्षेत्र में नागरिकों से संवाद किया।

इस दौरान लोगों को डायल 112, साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930, नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल और महिला-चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया। थानों के लैंडलाइन नंबर भी साझा किए गए, ताकि लोग सीधे संपर्क कर सकें।

इसी अभियान के दौरान मिली सूचना पर गंज थाना पुलिस ने पारस नगर में जुए के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने रेड मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से नगद राशि व ताश जब्त की। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसके अलावा, शांति भंग की आशंका को देखते हुए आरोपियों पर BNSS की धाराओं में भी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि “संवाद से समाधान” अभियान का उद्देश्य जनता से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करना और शहर में सुरक्षा का माहौल मजबूत करना है।