IPL सट्टा रैकेट का बड़ा खुलासा: 16 आरोपी गिरफ्तार, देशभर में फैला था नेटवर्क 

IPL सट्टा रैकेट का बड़ा खुलासा: 16 आरोपी गिरफ्तार, देशभर में फैला था नेटवर्क 

बलौदाबाजार। पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भाटापारा से लेकर हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले तक फैले इस नेटवर्क का संचालन किराए के मकानों से किया जा रहा था। पूरे मामले का खुलासा एसपी भावना गुप्ता ने किया।

पुलिस के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास अजय बतरा नामक आरोपी को मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से एक मोबाइल फोन, ₹5780 नकद और सट्टेबाजी से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए।

तकनीकी जांच में अजय के मोबाइल से “RUVIBET” पैनल आईडी का खुलासा हुआ, जिसके जरिए देशभर में सट्टा संचालित किया जा रहा था। जांच की कड़ियां हिमाचल प्रदेश तक पहुंचीं, जहां सोलन जिले के परवानू क्षेत्र में पुलिस ने दबिश देकर एक किराए के मकान में चल रहे सट्टा ऑपरेशन का पर्दाफाश किया। मौके से 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा, नेपाल और छत्तीसगढ़ के निवासी हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 लैपटॉप, 2 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड और 2 बैंक खातों सहित करीब 50 लाख रुपये से अधिक के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए। जांच में सामने आया कि “RUVIBET” पैनल आईडी के जरिए Branch-08, Branch-27 और Branch-35 जैसे लिंक बनाकर देशभर में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था।

मामले में पहले से दर्ज अपराध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराएं जोड़ी गई हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

भाटापारा थाना पुलिस की सटीक सूचना तंत्र और तकनीकी जांच के चलते इस बड़े सट्टा गिरोह का पर्दाफाश संभव हो पाया। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।