CG Big News : जंगल में माओवादियों का मिला बड़ा डम्प,46.31 लाख नकद, भारी मात्रा में हथियार-गोला-बारूद बरामद

CG Big News : जंगल में माओवादियों का मिला बड़ा डम्प,46.31 लाख नकद, भारी मात्रा में हथियार-गोला-बारूद बरामद

गरियाबंद। मैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बडेगोबरा स्थित सांपसाटी जंगल/पहाड़ी इलाके में पुलिस ने माओवादियों द्वारा डम्प कर रखी गई बड़ी खेप बरामद की है। संयुक्त कार्रवाई में 46 लाख 31 हजार 500 रुपए नकद, हथियार, गोला-बारूद, लैपटॉप, मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त की गई है। इस कार्रवाई को जिला गरियाबंद पुलिस की ई-30 ऑप्स टीम और डीआरजी धमतरी ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।


आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली थी सूचना
पुलिस के मुताबिक, शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ था कि प्रतिबंधित संगठन सीपीआई माओवादी के धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के शीर्ष लीडरों ने सांपसाटी के जंगल क्षेत्र में डम्प छिपा रखा है। सूचना के आधार पर 28 फरवरी 2026 को संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया।
अलग-अलग ठिकानों से मिला सामान
घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई सामग्री मिली। बरामद सामान में 46,31,500 रुपए नकद, 1 भरमार बंदूक, 33 भरमार राउंड, 1 सुरका राइफल, 32 बीजीएल सेल, 1 लैपटॉप, 2 मोबाइल, 10 इंसास राउंड, 11 एसएलआर राउंड, 45 एके-47 राउंड, 41 नग .303 राउंड, 23 सिंगल शॉट राउंड, 26 नग 12 बोर राउंड, 13 इलेक्ट्रॉनिक और 10 नॉन-इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर सहित भारी मात्रा में नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री शामिल है।


संभावित बड़ी घटना टली
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डम्प की बरामदगी से भविष्य में होने वाली संभावित नक्सली वारदात को विफल करने में बड़ी सफलता मिली है। पिछले दो वर्षों से चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान और पुनर्वास योजना के प्रचार-प्रसार के चलते जनवरी 2026 तक गरियाबंद-धमतरी क्षेत्र में सक्रिय धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के सूचीबद्ध माओवादियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।