छोटे नोटों का बड़ा धंधा: 18 लाख कैश के साथ युवक गिरफ्तार, मध्यप्रदेश में खपाने की थी तैयारी
बिलासपुर। शहर में छोटे नोटों के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक युवक को 17.90 लाख रुपए नकद के साथ गिरफ्तार किया है, जो सूटकेस और बैग में ₹10, ₹20 और ₹50 के नए नोटों की गड्डियां लेकर मध्यप्रदेश जा रहा था।
यह कार्रवाई बेलगहना रेलवे स्टेशन (टेगनमाड़ा) के पास की गई, जहां बेलगहना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम पेट्रोलिंग पर थी। संदिग्ध हालत में युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से छोटे नोटों की 81 नई गड्डियां बरामद हुईं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पवन बजाज (35) बताया, जो बिलासपुर के सिटी कोतवाली क्षेत्र स्थित कश्यप कॉलोनी का रहने वाला है। उसने खुलासा किया कि वह छोटे नए नोटों को कमीशन पर सप्लाई करने का काम करता है और इस खेप को मध्यप्रदेश में खपाने ले जा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले तांबा-पीतल के स्क्रैप का कारोबार करता था, जिससे उसका बैंकों में नियमित आना-जाना था। इसी दौरान उसने बैंक कर्मियों से संपर्क बनाकर नए छोटे नोट जुटाने और उन्हें कमीशन पर बेचने का नेटवर्क तैयार किया।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क, संभावित खरीदारों और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

admin 





