व्हाट्सऐप लिंक से मोबाइल हैक, महिला के खाते से 5.78 लाख पार
रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन ठगी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक महिला को ऐसा झांसा दिया कि देखते ही देखते उसके खाते से लाखों रुपए साफ हो गए।
मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता प्रतीमा मसीह (42) मोवा स्थित गेलेन्डर विहार की रहने वाली हैं। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 31 मार्च को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वालों ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका खाता बंद हो गया है और उसे चालू कराने के लिए व्हाट्सऐप पर भेजे गए लिंक को खोलना होगा।
लिंक खोलते ही मोबाइल हुआ हैक
ठगों के झांसे में आकर जैसे ही महिला ने लिंक ओपन किया, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उनके बैंक खातों तक पहुंच बना ली और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकालनी शुरू कर दी।
दो खातों से निकाली बड़ी रकम
जानकारी के मुताबिक, यूको बैंक खाते से करीब 4.58 लाख रुपए और इंडियन बैंक खाते से 1.19 लाख रुपए निकाल लिए गए। इस तरह कुल 5,78,821 रुपए की ठगी को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संबंधित मोबाइल नंबरों के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें। बैंकिंग से जुड़ी जानकारी कभी भी साझा न करें और बिना जांचे-परखे किसी भी लिंक पर क्लिक करने से बचें।

admin 





