CG Crime : सोते रहे परिजन और घर में घुस गया चोर; अलमारी खुलने की आवाज से खुली नींद, नगदी और जेवर लेकर फरार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चकरभाठा थाना क्षेत्र के हिर्री माइंस इलाके में एक अज्ञात चोर ने सोते हुए परिवार के बीच साहस दिखाते हुए घर में सेंधमारी की और नगदी समेत जेवर पार कर दिए। जब तक घरवाले जागते, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
कैसे हुई वारदात?
घटना रायपुर रोड स्थित हिर्री माइंस क्षेत्र की है। पीड़ित जय शंकर कश्यप, जो पेशे से सब्जी विक्रेता हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि 24 फरवरी की रात वे अपने परिवार के साथ एक शादी की सालगिरह के कार्यक्रम में गए थे। रात करीब 11 बजे उनकी पत्नी बच्चों के साथ कमरे में सो गईं, जबकि उनकी मां आंगन में सो रही थीं।
रात करीब 12 बजे अचानक अलमारी खुलने की आवाज आई, जिससे जय शंकर की पत्नी रीना कश्यप की नींद खुल गई। उन्होंने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति अलमारी खंगाल रहा है। जैसे ही उन्होंने शोर मचाया, चोर सामान समेटकर वहां से रफूचक्कर हो गया।
क्या-क्या हुआ चोरी?
चोर ने बड़ी ही सफाई से कमरे में सिरहाने के पास रखे दो लेडीज पर्स उठा लिए थे। बाद में जांच करने पर पाया गया कि:
-
दीवार के पास पर्स तो पड़े मिले, लेकिन उनमें रखे 28 हजार रुपये नगद गायब थे।
-
दो मोबाइल फोन और सोने के छोटे टॉप्स भी चोर अपने साथ ले गया।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित परिवार ने तत्काल घटना की सूचना चकरभाठा पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

admin 









