बुजुर्ग महिला से दरिंदगी के बाद हत्या, फरार आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में 3 अप्रैल को हुई एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पांडा उर्फ मिथुन के संबंध में ठोस जानकारी देने या उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सदभावना चौक, रिंग रोड स्थित टीटीएस फ्रेश फिश कंपनी के झाला में सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
फोरेंसिक जांच में मामले की बर्बरता सामने आई है। डॉक्टर संटू बाग के अनुसार, महिला के सिर की तीन हड्डियां टूट गई थीं, सीने की 12 पसलियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त थीं और गंभीर हमले के कारण फेफड़े व दिल भी फट गए थे। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है और विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
सरगुजा एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि इनाम देने का अंतिम निर्णय डीआईजी और एसएसपी, जिला सरगुजा द्वारा लिया जाएगा। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 217/2026 के तहत धारा 64(2) और 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी का हुलिया भी जारी किया है—रंग सांवला, कद लगभग 5 फीट 4 इंच, घुंघराले लंबे बाल, दुबला-पतला शरीर, काली दाढ़ी-मूंछ, हल्का गुलाबी शर्ट और नीली जींस पहने हुए, सिर पर नीला गमछा तथा पीठ पर झोला।
सूचना देने के लिए संपर्क नंबर:
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा – 94791-93501
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा – 94791-93502
नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर – 94791-93503
पुलिस नियंत्रण कक्ष सरगुजा – 94791-93599
थाना कोतवाली अंबिकापुर – 94791-93508
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत इन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर पीड़िता को न्याय दिलाया जा सके।

admin 





