जमीन विवाद बना मौत की वजह: बड़े भाई को जिंदा जलाया

जमीन विवाद बना मौत की वजह: बड़े भाई को जिंदा जलाया

महासमुंद। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमगांव से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को मां के सामने कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी कृष्णकांत दुबे (38) मंगलवार को अपनी कथित पत्नी मालती साहू के साथ अपने पैतृक गांव आमगांव पहुंचा था। गांव में उसकी मां तीरथबाई और छोटा भाई दौलत दुबे रहते हैं, जो पारिवारिक जमीन की देखरेख करते हैं।

बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम कृष्णकांत ने घर पहुंचते ही जमीन के बंटवारे की बात छेड़ी, लेकिन छोटे भाई दौलत ने इस पर तत्काल चर्चा से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

विवाद के दौरान कृष्णकांत ने डंडे से दौलत पर हमला कर दिया, जिसके जवाब में दौलत ने हंसिए से पलटवार किया। इसके बाद आरोपी ने कृष्णकांत को धान और महुआ से भरे एक कमरे में धकेल दिया और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया।

आरोप है कि इसके बाद दौलत पास की दुकान से पेट्रोल लाया और कमरे में आग लगा दी। घटना के समय मृतक की मां और मालती साहू मौके पर मौजूद थीं, लेकिन आग की भयावहता के चलते उसे बचाया नहीं जा सका। आसपास के लोगों को भी मदद के लिए बुलाया गया, मगर कोई आगे नहीं आया।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच जारी है।