दो करोड़ गबन मामले में एसबीआई की तत्कालीन कैशियर गिरफ्तार

दो करोड़ गबन मामले में एसबीआई की तत्कालीन कैशियर गिरफ्तार
बिलासपुर (चैनल इंडिया)। स्टेट बैंक ऑफ  इंडिया की बिलासपुर जिले के बिल्हा शाखा में दो करोड़ के गबन मामले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक की तत्कालीन कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से संदिग्ध मोबाइल भी जब्त किया गया है। 
एसीबी के अनुसार, बिल्हा स्थित एसबीआई शाखा में 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच कैशियर ने बैंक कर्मचारियों और अन्य लोगों के साथ मिलकर पद का दुरुपयोग किया। इस दौरान बैंक के रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ कर करीब 2.06 करोड़ रुपये की राशि का गबन कर बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। इस मामले में शाखा प्रबंधक पीयूष बारा ने आर्थिक अपराध अन्वेषण/एसीबी मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। एसीबी बिलासपुर की टीम पिछले कई दिनों से आरोपी की तलाश कर रही 
थी। 26 फरवरी को आरोपी के बिल्हा स्थित बैंक में गोपनीय रूप से आने की सूचना मिलने पर एसीबी टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। राशि को छिपाने के लिए बैंक रिकॉर्ड में इसे पेय पदार्थ, भोजन, किराया और रखरखाव जैसे मदों में खर्च दिखाया गया।
आरोपी तेजवथ थीरापतम्मा जून 2025 से निलंबित थी और उसे रीजनल बिजनेस ऑफिस जगदलपुर में अटैच किया गया था, लेकिन वह लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित चल रही थी। आरोपी मूल रूप से आंध्रप्रदेश के खम्मम जिले की निवासी है और घटना के दौरान बिल्हा शाखा में पदस्थ थी।