बिलासपुर में 20 नकाबपोशों का हमला: घर के बाहर पेशाब करने से रोकने पर परिवार पर कहर, 5 घायल
बिलासपुर। बिलासपुर में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां 20 से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने घर में घुसकर जमकर मारपीट की, जिसमें एक युवक समेत चार महिलाएं घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ हमला करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विवाद की वजह मामूली सी बात बताई जा रही है। परिवार ने कुछ लोगों को घर के सामने पेशाब करने से रोका था, जिससे नाराज होकर बदमाशों ने बदला लेने की नीयत से यह हमला किया।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

admin 





