उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 4.08 करोड़ रुपए की लागत से सकरी नदी तटबंध निर्माण का किया भूमिपूजन

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 4.08 करोड़ रुपए की लागत से सकरी नदी तटबंध निर्माण का किया भूमिपूजन

नदी में तटबंध निर्माण से सुरक्षित होंगे घर – विजय शर्मा

ग्राम कोडार में 250 मीटर तटबंध का होगा निर्माण

तटबंध से रुकेगा कटाव और ग्रामीणों को मिलेगी बाढ़ से सुरक्षा

रायपुर। सकरी नदी में कटाव रोकने और ग्रामीणों को बाढ़ से सुरक्षा देने के उद्देश्य से ग्राम कोडार में 4.08 करोड़ रुपए की लागत से 250 मीटर लंबे तटबंध निर्माण कार्य का भूमिपूजन उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। इस परियोजना से नदी किनारे बसे घरों को सुरक्षा मिलेगी और कटाव की समस्या पर नियंत्रण होगा।

ग्राम रेगाखार पंचायत के आश्रित ग्राम कोडार में आयोजित कार्यक्रम में विजय शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है। सकरी नदी के कटाव से ग्रामीण लंबे समय से परेशान थे, जिसे देखते हुए इस तटबंध निर्माण की स्वीकृति दी गई।

उन्होंने बताया कि 250 मीटर लंबा यह तटबंध नदी के कटाव को रोकेगा और बाढ़ के दौरान होने वाले नुकसान को कम करेगा। इससे नदी किनारे बसे घर सुरक्षित रहेंगे और लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही ग्रामीणों के लिए निस्तारी की सुविधाएं भी बेहतर होंगी।

विजय शर्मा ने कहा कि सरकार ग्रामीणों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्राम में 142 आवास स्वीकृत किए गए हैं और पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत भवन में डिजिटल सुविधा केंद्र संचालित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 25 किस्तों में 25 हजार रुपए की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित की जा चुकी है, जिससे महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण मिला है। सरकार का उद्देश्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंच सके।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस योजना को क्षेत्र के लिए उपयोगी बताया। ग्रामीणों ने भी इस पहल पर खुशी जताते हुए आभार व्यक्त किया। तटबंध निर्माण पूर्ण होने के बाद ग्राम कोडार के लोगों को कटाव और बाढ़ की समस्या से काफी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, संतोष पटेल, विजय पटेल, वीरसिंह पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।