रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी के शहीद वीरनारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल मैचों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यहां 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का महामुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा जबकि 13 मई को आरसीबी की टक्कर कोलकाता नाइट राइडर्स से होगी। इन दोनों बड़े मुकाबलों के रोमांच को देखते हुए स्टेडियम में पिच से लेकर दर्शकों तक की बैठने की व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।
आईपीएल के इन हाईवोल्टेज मैचों के लिए स्टेडियम में नई पिच तैयार की जा रही है। इसके लिए पुरानी पिच की ऊपरी सतह को 5 से 10 इंच तक खोदा जा रहा है। इसी नई पिच पर विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज भारतीय क्रिकेटरों के साथ-साथ कई विदेशी स्टार खिलाड़ी अपना जलवा बिखेरेंगे। मैदान में पहले से छह पिचें मौजूद हैं, जिन पर अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं।
स्टेडियम की प्रीमियम सीटों से मैच देखने के अनुभव को और अधिक शानदार बनाने के लिए पुराने कांच बदलने का काम शुरू हो गया है। पवेलियन के हिस्से में मरम्मत और बदलाव के लिए बांस-बल्लियां लगा दी गई हैं। नए और पारदर्शी कांच लगने के बाद पवेलियन सहित प्रीमियम बॉक्स से मैच देखने का रोमांच दोगुना हो जाएगा।
टिकट की ऑनलाइन बिक्री
रायपुर में होने वाले इन दोनों महामुकाबलों के टिकट 12 अप्रैल के बाद आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट पर मिलने शुरू हो सकते हैं। इन मैचों की टिकट बिक्री का जिम्मा पूरी तरह से आरसीबी प्रबंधन के पास ही रहेगा। एक मैच के लिए लगभग 50 हजार से अधिक टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। आरसीबी ने अपने अन्य होम ग्राउंड्स पर टिकटों की कीमत एक हजार से लेकर 30 हजार रुपये तक तय की है। उम्मीद जताई जा रही है कि रायपुर के मैचों के लिए भी टिकटों की दरें इसी के आसपास निर्धारित की जा सकती हैं।
लाल मिट्टी से तैयार होगी पिच
खास बात यह है कि यह नई पिच पूरी तरह से छत्तीसगढ़ की स्थानीय मिट्टी से ही बनाई जा रही है। लाल मिट्टी की पिच अमूमन उछाल भरी होती है, जिससे बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों दोनों को अच्छा सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। रायपुर अब आरसीबी का दूसरा होम ग्राउंड बन चुका है। आरसीबी की टीम यहां मैचों से पहले अपना अभ्यास भी करेगी।