‘ओसियन ग्रो गांजा’ के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार: दिल्ली से कुरियर के जरिए मंगाकर शहर में करता था सप्लाई
रायपुर। राजधानी में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब के पास पुलिस ने दबिश देकर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पहली बार ‘ओसियन ग्रो गांजा’ बरामद किया गया है, जिससे शहर में सक्रिय ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 11 अप्रैल को सूचना मिली थी कि कटोरा तालाब के पास एक युवक गांजा बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रितिक पसरिचा (26) निवासी दिल्ली बताया, जो फिलहाल रायपुर के मोवा इलाके में रह रहा था।
बैग में मिला गांजा और ‘ओसियन ग्रो’
पुलिस ने जब आरोपी के बैग की तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग पैकेट में गांजा और ‘ओसियन ग्रो गांजा’ मिला। मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
3.62 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.870 किलोग्राम गांजा, 114 ग्राम ओसियन ग्रो गांजा, 3 हजार रुपए नकद, एप्पल कंपनी का आईफोन, प्लास्टिक जिपर पन्नियां और दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 62 हजार 600 रुपए आंकी गई है।
कुरियर से मंगाता था ड्रग्स
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के जरिए गांजा और ‘ओसियन ग्रो गांजा’ मंगाता था और रायपुर में इसकी सप्लाई करता था। पुलिस अब इस मामले में संबंधित कुरियर कंपनी से भी पूछताछ कर रही है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं। अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

admin 





