एनएमडीसी वेतन पुनरीक्षण पर बढ़ी उम्मीद: बस्तर सांसद ने केंद्रीय इस्पात मंत्री को सौंपा मांग पत्र

एनएमडीसी वेतन पुनरीक्षण पर बढ़ी उम्मीद: बस्तर सांसद ने केंद्रीय इस्पात मंत्री को सौंपा मांग पत्र

किरंदुल से साहिल गुप्ता के रिपोर्ट 
किरंदुल। खदान मजदूर संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) की मांग पर बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने नई दिल्ली में केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री से मुलाकात कर एनएमडीसी कर्मचारियों का 01 जनवरी 2022 से लंबित वेतन पुनरीक्षण शीघ्र लागू करने हेतु औपचारिक मांग पत्र सौंपा। इस दौरान कर्मचारियों के हितों एवं औद्योगिक शांति को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया गया।

मुलाकात के दौरान सांसद ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में एनएमडीसी हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। ऐसे में लंबित वेतन पुनरीक्षण लागू होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे कर्मचारियों में विश्वास एवं कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बना रहे। मंत्री द्वारा इस विषय पर गंभीर चर्चा करते हुए त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

वर्तमान में संसद के चल रहे सत्र में नवीन औद्योगिक संहिता पर भी चर्चा जारी है, जिसके बीच खदान मजदूर संघ को औद्योगिक संबंध संहिता के प्रावधानों के अनुरूप विधिवत मान्यता प्रदान करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इससे श्रमिक संगठनों को वैधानिक अधिकार मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।

इस अवसर पर खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल के अध्यक्ष बी. दिल्ली राव सहित बचेली एवं नगरनार इकाइयों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को श्रमिक हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और शीघ्र सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई।