भक्ति और उत्साह के साथ शुरू हुआ पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव
किरंदुल से साहिल गुप्ता के रिपोर्ट
किरंदुल। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री राघव मंदिर बेलाडीला देवस्थान, किरंदुल में भगवान शिव परिवार के नवीन देव विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर पांच दिवसीय भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक महोत्सव का शुभारंभ नगर भ्रमण एवं मंगल कलश यात्रा के साथ श्रद्धा और उत्साह के माहौल में किया गया। 12 से 16 फरवरी तक आयोजित इस आयोजन में नगर के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत देव विग्रहों की शोभायात्रा एवं नगर भ्रमण से हुई, जिसमें भक्तगण भक्ति गीत, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा का मुख्य उद्देश्य नगरवासियों को भगवान के दर्शन कराना तथा क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा एवं धार्मिक वातावरण का संचार करना बताया गया।

मंदिर समिति के अनुसार प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व देव विग्रहों का नगर भ्रमण एक महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा है, जिससे वे श्रद्धालु भी दर्शन का लाभ ले सकें जो मंदिर तक नहीं पहुंच पाते। आयोजन के दौरान पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
इस भव्य आयोजन में नगर के विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, महिला मंडलों तथा श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा एवं उत्सव का वातावरण बना रहा, जिससे नगर में धार्मिक उमंग का विशेष संचार हुआ।

admin 









