मैदान के साथ किताबों से भी जंग: 17 फरवरी से बोर्ड परीक्षा और मार्च में आईपीएल, वैभव सूर्यवंशी के लिए दोहरी चुनौती

मैदान के साथ किताबों से भी जंग: 17 फरवरी से बोर्ड परीक्षा और मार्च में आईपीएल, वैभव सूर्यवंशी के लिए दोहरी चुनौती

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे और आईपीएल (IPL) के सबसे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी इन दिनों मैदान पर चौके-छक्के लगाने के साथ-साथ किताबों के बीच भी पसीना बहा रहे हैं। विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर वैभव अब सीबीएसई (CBSE) की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं। 17 फरवरी से शुरू होने वाली 10वीं की परीक्षाओं के लिए उनका एडमिट कार्ड जारी हो गया है, जिसमें उनके परीक्षा केंद्र का नाम समस्तीपुर शहर का पोदार इंटरनेशनल स्कूल अंकित है।

ताजपुर प्रखंड के मॉडेस्टी स्कूल के छात्र वैभव के लिए यह समय किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। एक ओर 17 फरवरी से उनकी बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, तो दूसरी ओर 26 मार्च से दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग, आईपीएल का आगाज होने जा रहा है। ऐसे में परीक्षाओं और खेल के बीच संतुलन बिठाना उनके लिए काफी कड़ा इम्तिहान साबित होने वाला है। उनके स्कूल और परिवार का पूरा ध्यान इस बात पर है कि वे मैदान की तरह ही शिक्षा के क्षेत्र में भी शानदार प्रदर्शन करें।

वैभव सूर्यवंशी ने हाल के दिनों में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है और आईपीएल नीलामी में खरीदे जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनकर इतिहास रचा था। अब फैंस यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि यह 'लिटिल चैंपियन' बोर्ड की परीक्षाओं के प्रेशर को कैसे हैंडल करता है और उसके तुरंत बाद आईपीएल के मंच पर अपनी बल्लेबाजी का जलवा कैसे दिखाता है।