राजधानी में नकली पनीर का बड़ा खुलासा: 1200 किलो जब्त, उरला में 500 किलो नष्ट

राजधानी में नकली पनीर का बड़ा खुलासा: 1200 किलो जब्त, उरला में 500 किलो नष्ट

रायपुर। राजधानी में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान भाठागांव स्थित एक फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली पनीर बरामद किया गया, जबकि उरला क्षेत्र में भी खराब परिस्थितियों में बन रहे पनीर को नष्ट कराया गया।

भाठागांव के केसरी बगीचा इलाके में स्थित मेसर्स केएलपी डेयरी एंड प्रोडक्ट्स पर विभाग की टीम ने छापा मारा। यहां से करीब 1200 किलो नकली पनीर जब्त किया गया। जांच के दौरान फैक्ट्री में पाम ऑइल, स्टीम्ड मिल्क पाउडर, तेल और एसेटिक एसिड जैसी सामग्री पाई गई, जिनका उपयोग नकली पनीर बनाने में किया जा रहा था। डेयरी संचालक की पहचान आदर्श पराशर के रूप में हुई है।

विभाग को पहले ही रायपुर में नकली पनीर बनाए जाने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर इस कार्रवाई की योजना बनाई गई। छापेमारी के लिए रविवार का दिन जानबूझकर चुना गया, ताकि किसी को इसकी भनक न लग सके। सुबह करीब 11:30 बजे टीम जब मौके पर पहुंची, तब फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर पनीर की पैकेजिंग जारी थी।

खास बात यह रही कि पूरी कार्रवाई गोपनीय रखने के लिए रायपुर की स्थानीय टीम को इसमें शामिल नहीं किया गया। इसके बजाय धमतरी, बालोद और बलौदाबाजार से अधिकारियों और कर्मचारियों को बुलाकर दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।

इसी दौरान दूसरी टीम ने उरला क्षेत्र स्थित एसजे डेयरी में भी छापा मारा। यहां जांच के दौरान एनालॉग पनीर बनाया जा रहा था, लेकिन परिसर में भारी गंदगी पाई गई। अस्वच्छ माहौल में पनीर निर्माण को स्वास्थ्य के लिए खतरनाक मानते हुए टीम ने सैंपल लेने के बाद करीब 500 किलो पनीर नष्ट करा दिया।

बताया जा रहा है कि एसजे डेयरी के खिलाफ पहले से ही गंदगी से जुड़े दो मामले दर्ज हैं। विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर हड़कंप मच गया है।