पीएम आवास निर्माण में देश में अव्वल होने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जताया हर्ष
प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्के घरों के साथ आजीविका, सम्मान और आत्मनिर्भरता भी हो रही सुनिश्चित
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य ने सर्वाधिक आवास निर्माण पूर्ण कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है और मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों को पीछे छोड़ा है। इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रदेशवासियों एवं हितग्राहियों को शुभकामनाएं दीं।
विजय शर्मा ने बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत छत्तीसगढ़ ने ‘एसएनए स्पर्श’ के माध्यम से देश में सर्वाधिक व्यय कर उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन का उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। वर्ष 2016 में योजना की शुरुआत के बाद पहली बार एक ही वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक आवास निर्माण का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि ‘आवास से आजीविका’ के अभिनव प्रयास के तहत निर्माण सामग्री की आपूर्ति से हजारों महिलाओं को रोजगार मिला है। 9000 से अधिक बिहान दीदियां “लखपति दीदी” बनकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इसके साथ ही इस वर्ष 6000 से अधिक राजमिस्त्रियों को आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया, जो देश में सर्वाधिक है।
उल्लेखनीय है कि इन प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों में 1400 महिलाएं और 400 से अधिक आत्मसमर्पित नक्सली भी शामिल हैं, जो मुख्यधारा से जुड़कर विकास में योगदान दे रहे हैं। पीएम आवास ग्रामीण के हितग्राहियों को स्थायी आजीविका से जोड़ने के लिए महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से बड़े पैमाने पर कार्य भी कराए गए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण विकास और गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से न केवल पक्के घरों का सपना पूरा हो रहा है, बल्कि लोगों की आजीविका, सम्मान और आत्मनिर्भरता भी सुनिश्चित हो रही है।

admin 





