आरबीआई के फैसले का कैट ने किया स्वागत, डाटा सुरक्षा जांच की मांग

आरबीआई के फैसले का कैट ने किया स्वागत, डाटा सुरक्षा जांच की मांग

रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) द्वारा पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड का लाइसेंस रद्द करने के फैसले का स्वागत किया है। इसे जनहित में उठाया गया सख्त और जरूरी कदम बताया गया।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी ने कहा कि यह कार्रवाई नियमों की लगातार अनदेखी और प्रबंधन की विफलता का परिणाम है। उन्होंने आरबीआई द्वारा जमाकर्ताओं के पैसे सुरक्षित होने के आश्वासन को सराहा और कहा कि इससे छोटे व्यापारियों व डिजिटल भुगतान पर निर्भर लोगों को राहत मिलेगी।
कैट ने मांग की है कि उपभोक्ताओं और छोटे व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सुचारु व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही पेटीएम प्लेटफॉर्म पर जमा वित्तीय व उपभोक्ता डाटा की सुरक्षा और प्रबंधन की गहन जांच भी जरूरी बताई गई है।
कैट ने कहा कि यह फैसला साफ संदेश है—नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी संस्था पर सख्त कार्रवाई होगी और उपभोक्ताओं का हित सर्वोपरि रहेगा।