कलिंगा विश्वविद्यालय के छात्र टंकेश्वर माथुर ने MUN 5.0 में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, जीता स्पेशल मेंशन अवॉर्ड

कलिंगा विश्वविद्यालय के छात्र टंकेश्वर माथुर ने MUN 5.0 में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, जीता स्पेशल मेंशन अवॉर्ड

रायपुर। कलिंगा विश्वविद्यालय के एलएलबी चतुर्थ वर्ष के छात्र टंकेश्वर माथुर ने Indian Institute of Information Technology Naya Raipur में आयोजित मॉडल यूनाइटेड नेशन्स (MUN) 5.0 में शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।

यह आयोजन 11 और 12 अप्रैल 2026 को संपन्न हुआ, जिसमें टंकेश्वर माथुर ने छत्तीसगढ़ विधानसभा (CGVS) समिति में तुलेश्वर मरकाम का प्रतिनिधित्व किया। सत्र का विषय “छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्षेत्रों में विकास और सुरक्षा संकट का मूल्यांकन: उग्रवाद और राज्य की जवाबदेही के बीच” रहा।

मॉडल यूनाइटेड नेशन्स एक शैक्षणिक मंच है, जहां छात्र विभिन्न मुद्दों पर वैश्विक और राष्ट्रीय स्तर की बहस, नीति निर्माण और समाधान प्रक्रिया का अभ्यास करते हैं। इससे प्रतिभागियों में नेतृत्व, तर्कशक्ति, शोध क्षमता और कूटनीतिक समझ विकसित होती है।

टंकेश्वर माथुर ने अपनी प्रभावशाली वक्तृत्व कला, तार्किक विश्लेषण और सामाजिक-वैधानिक विषयों की गहरी समझ के दम पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें “स्पेशल मेंशन अवॉर्ड (CGVS)” से सम्मानित किया गया, साथ ही ₹5,000 की नगद राशि भी प्रदान की गई।

यह उपलब्धि विश्वविद्यालय और विधि संकाय के लिए गर्व का विषय है। कलिंगा विश्वविद्यालय ने छात्र को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।