भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव 2026 में हुए शामिल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव 2026 में हुए शामिल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

भगवान महावीर का सत्य-अहिंसा का संदेश हमारा पथ प्रदर्शक — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित दादाबाड़ी तीर्थ में आयोजित भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव 2026 में शामिल हुए। उन्होंने दादाबाड़ी परिसर स्थित जिनमंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज सेवा, पत्रकारिता, शिक्षा और उच्च शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को “जैन रत्न अलंकरण” से सम्मानित किया और कहा कि ऐसे सम्मान समाज में सकारात्मक परिवर्तन और प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान महावीर स्वामी का सत्य और अहिंसा का संदेश समस्त मानवता के लिए पथ प्रदर्शक है, जो त्याग, तपस्या, करुणा और आत्मसंयम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर जयंती के इस अवसर पर देश नक्सलवाद के अंत की दिशा में निर्णायक उपलब्धि की ओर अग्रसर है। छत्तीसगढ़ के विकास में नक्सलवाद बड़ी बाधा रहा है और बस्तर क्षेत्र लंबे समय तक विकास से वंचित रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और रणनीति के कारण नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिल रही है। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रदेश में शांति और विकास का वातावरण बना रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने सुशासन के संकल्प के साथ तेज गति से कार्य करते हुए विकास के अनेक आयाम स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंदों को आवास, किसानों के लिए वादों की पूर्ति, महतारी वंदन योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण और रामलला दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन का अवसर दिया जा रहा है।

उन्होंने जैन समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और परमार्थ के क्षेत्र में जैन समाज की भूमिका अनुकरणीय है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकजुटता को बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, लोकेश कावड़िया, भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह, विकास सेठिया, आनंद जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।