बुढ़ापारा, महिला थाना, सुभाष स्टेडियम के आसपास के इलाके रहेंगे प्रभावित, कल भूल से भी ना जाए इन सड़कों से...
रायपुर। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने 20 अप्रैल 2026, सोमवार को प्रस्तावित आक्रोश रैली को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लोकसभा में पारित नहीं किए जाने के विरोध में छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी द्वारा इंडोर स्टेडियम रायपुर में सभा के बाद विशाल रैली निकाली जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, यह रैली इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर गणेश मंदिर तिराहा, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक, महिला थाना चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम तक जाएगी। इसके बाद सुभाष स्टेडियम में आम सभा आयोजित की जाएगी। इस आयोजन में प्रदेशभर से करीब 15 से 20 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
रैली के चलते दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित रहेगा। प्रभावित मार्गों में बूढ़ेश्वर चौक से गणेश मंदिर तिराहा होते हुए बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक, श्याम टॉकीज से गणेश मंदिर तिराहा होते हुए सदानी चौक (सदर बाजार), महिला थाना चौक से सुभाष स्टेडियम, कोतवाली चौक से सुभाष स्टेडियम, बंजारी चौक से सुभाष स्टेडियम, कालीबाड़ी चौक से कोतवाली चौक तथा आकाशवाणी चौक कालीमंदिर से नलघर चौक तक के मार्ग शामिल हैं।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और नियमित यात्रियों से अपील की है कि वे इन मार्गों पर आवागमन से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। बुढ़ेश्वर चौक से कैलाशपुरी ढाल, पुलिस लाइन गेट होते हुए नेहरू नगर की ओर तथा कालीबाड़ी से महिला थाना चौक, काली माता तिराहा, अंबेडकर चौक मार्ग को वैकल्पिक रूप से उपयोग करने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें।

admin 





