ऑपरेशन कालचक्र: अब आसमान से होगी अपराधियों की निगरानी
रायपुर। राजधानी में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस ने अब हाईटेक कदम उठाया है। ‘ऑपरेशन कालचक्र’ के तहत रायपुर पुलिस अब जमीन ही नहीं, बल्कि आसमान से भी अपराधियों पर नजर रख रही है। ड्रोन तकनीक के जरिए शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी शुरू कर दी गई है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (IPS) के दिशा-निर्देश में चल रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य अपराधों पर नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। इसके तहत चाकूबाजों, गुंडे-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, संदिग्ध व्यक्तियों और फरार वारंटियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
बुधवार को नॉर्थ जोन के खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह थाना में पुलिस टीमों ने ड्रोन के जरिए निगरानी अभियान चलाया। खासतौर पर उन स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां अड्डेबाजी, संदिग्ध गतिविधियां या भीड़भाड़ अधिक रहती है।
पुलिस टीमें इन इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग भी कर रही हैं, जबकि ड्रोन से ऊपर से नजर रखकर हर गतिविधि पर नजर बनाई जा रही है। इस दोहरी निगरानी से अपराधियों के छिपने की गुंजाइश कम हो गई है और पुलिस को रियल-टाइम इनपुट मिल रहे हैं।

admin 





