रायपुर में बदमाश की बड़ी साजिश नाकाम, हिस्ट्रीशीटर के पास मिली पिस्टल और जिंदा कारतूस

रायपुर में बदमाश की बड़ी साजिश नाकाम, हिस्ट्रीशीटर के पास मिली पिस्टल और जिंदा कारतूस

दो दर्जन से ज्यादा मामलों में जा  चुका है जेल

रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री (25) दुर्गानगर बीरगांव का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से मारपीट, बलवा, लूट और हत्या के प्रयास समेत करीब दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, नॉर्थ जोन के पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर (आईपीएस) के निर्देश पर अवैध हथियार रखने और उनकी खरीदी-बिक्री करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान उरला थाना पुलिस को सूचना मिली कि बीरगांव के दुर्गानगर स्थित एक निर्माणाधीन कॉम्पलेक्स के पास एक युवक पिस्टल लेकर घूम रहा है।
सूचना पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री के रूप में हुई, जो उरला थाना का हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस ने जब आरोपी से पिस्टल रखने के वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका और टीम को गुमराह करने लगा। तलाशी में उसके पास से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
आरोपी के खिलाफ उरला थाना में अपराध क्रमांक 66/26 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आमीर पहले भी थाना माना, मौदहापारा, खमतराई और उरला में दर्ज मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ पूर्व में जिलाबदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।