राजधानी में नशेड़ी वाहन चालकों पर पुलिस की कार्रवाई, एक ही रात में 129 पकड़े गए
रायपुर। राजधानी में सड़क सुरक्षा मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 5 रविवार की रात चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में 129 नशेड़ी वाहन चालकों को पकड़ा गया।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नियमित कार्रवाई की जा रही है। यातायात एवं प्रोटोकॉल के पुलिस उपायुक्त विकास कुमार के निर्देश पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। पुलिस के अनुसार, नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता है, जिससे चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है।
एम.वी. एक्ट की धारा 185 के तहत ऐसे मामलों में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जनवरी 2026 से अब तक कुल 1853 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इन मामलों में न्यायालय द्वारा प्रत्येक पर न्यूनतम 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

5 अप्रैल की रात डीसीपी विकास कुमार के नेतृत्व में शहर के सात प्रमुख स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात थाना प्रभारियों एवं पुलिस स्टाफ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 129 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा। सभी के खिलाफ चालान की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लक्ष्य पूर्ति के लिए नहीं है, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। नशे में वाहन चलाना न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह समाज के लिए गंभीर खतरा भी है। इस पर पुलिस की “जीरो टॉलरेंस” नीति जारी रहेगी।
आम नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और जिम्मेदार नागरिक बनकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।

admin 





