पति को रास्ते से हटाने प्रेमी के साथ रची साजिश, थार से कुचलकर मार डाला,पत्नी समेत 4 गिरफ्तार
खरोरा में किशोर सारथी हत्याकांड का चंद घंटों में खुलासा, थार से कुचलकर दी थी मौत
रायपुर (ग्रामीण)। खरोरा थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय किशोर सारथी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा ली। मामले में मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हत्या में प्रयुक्त थार वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को ग्राम खसेरा निवासी भागवत सारथी (32) ने थाना खरोरा पहुंचकर सूचना दी कि उसके छोटे भाई किशोर सारथी का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और परिजनों के बयान लिए गए।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पत्नी से पूछताछ में खुली साजिश की परतें
जांच के दौरान मृतक की पत्नी से पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार, महिला का लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नामक युवक से पिछले कुछ महीनों से प्रेम संबंध था। इस संबंध की जानकारी किशोर को हो गई थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी।
इसी विवाद से परेशान होकर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 27 फरवरी की रात करीब 9 बजे पत्नी ने किशोर को बहन को ग्राम बिठिया से लाने का बहाना बनाकर घर से भेजा।
पहले से घात लगाए बैठे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, खरोरा-रायपुर रोड पर पहले से थार वाहन में सवार होकर आरोपी घात लगाए बैठे थे। ग्राम मात-तिल्दाडीह रोड स्थित सागौन वाटिका के सामने आरोपियों ने मोटरसाइकिल सवार किशोर को टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी।
हत्या का मामला दर्ज, थार जब्त
जांच में षड्यंत्रपूर्वक हत्या की पुष्टि होने पर संबंधित धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त थार वाहन जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में खरोरा पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

admin 









