अब खूब बढ़ेगी गर्मी : पारा पांच डिग्री तक चढ़ेगा

अब खूब बढ़ेगी गर्मी : पारा पांच डिग्री तक चढ़ेगा
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में अब आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढऩे वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि न्यूनतम तापमान में इस अवधि के दौरान किसी विशेष परिवर्तन के आसार नहीं हैं।
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रायपुर और माना में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में कोई प्रभावी सिनोप्टिक सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिसके कारण प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने के संकेत हैं। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी से दिन में गर्मी का एहसास बढ़ेगा।