50 किलो गांजा तस्करी में एक और गिरफ्तारी,रायपुर पुलिस ने पैडलर को ओडिशा से दबोचा

50 किलो गांजा तस्करी में एक और गिरफ्तारी,रायपुर पुलिस ने पैडलर को ओडिशा से दबोचा

रायपुर। राजधानी में 50 किलोग्राम गांजा जब्ती मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन की टीम ने फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर ओडिशा से आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को थाना सिविल लाइन क्षेत्र के केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में रेड कार्रवाई कर दो आरोपियों—हृषिकेश उर्फ ऋषि सरोज और हिमांशु दामले—को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 50 किलो गांजा और 2 लाख रुपए नगद जब्त किए गए थे।
पूछताछ के दौरान मिले इनपुट और नेटवर्क की कड़ियों को खंगालते हुए पुलिस ने इस मामले में संलिप्त पैडलर राजकिशोर बेहरा उर्फ मिलन की पहचान की। आरोपी को ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पैडलर के रूप में काम करता था और अपने बैंक खाते में रकम लेकर मादक पदार्थ उपलब्ध कराने में भूमिका निभाता था।
मामले में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(सी) और 29 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।