फेसबुक से दोस्ती, शादी का झांसा और फिर दुष्कर्म: ग्वालियर के इंस्पेक्टर पर रेप केस दर्ज
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पुलिस इंस्पेक्टर पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। झांसी रोड थाना में 38 वर्षीय महिला की शिकायत पर आरोपी इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महिला 9 महीने की गर्भवती बताई जा रही है।
यह पूरा मामला हरिशंकरपुरम इलाके का है। पीड़िता शहर की एक पॉश कॉलोनी में बुटीक संचालित करती है। कुछ साल पहले उसके पति का निधन हो चुका है और उसका एक बच्चा भी है।
महिला के अनुसार, इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा ने फेसबुक के जरिए उससे संपर्क किया और खुद को अविवाहित बताया। इसके बाद शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। बाद में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है।
वर्तमान में रूपेश शर्मा पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) तिघरा में पदस्थ हैं। पीटीएस के एसपी अखिलेश रैनवाल ने बताया कि सुबह से आरोपी का कोई पता नहीं है और मामले की जानकारी झांसी रोड थाना से मिली है। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

admin 





