कैट महिला विंग द्वारा रक्त परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया: मधु अरोरा

कैट महिला विंग द्वारा रक्त परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया: मधु अरोरा

रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) महिला विंग के प्रदेश अध्यक्ष मधु अरोरा, महिला प्रदेश महामंत्री पिंकी अग्रवाल एवं महिला प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रेरणा भट्ट प्रदेश उपाध्यक्ष पल्लवी मनोदेव गौडा ने बताया कि कैट महिला विंग द्वारा दिनांक 12 अप्रैल को अनुपम नगर स्थित जोशी होम्योपैथिक क्लिनिक में एक सफल रक्त परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर डॉ. प्रिया जोशी के सहयोग से आयोजित किया गया। कैट महिला विंग द्वारा डॉ. सैमुअल हैनेमैन के जन्मदिन के उपलक्ष्य को ले कर यह कैम्प का आयोजन किया गया था। 

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) महिला विंग के प्रदेश अध्यक्ष मधु अरोरा ने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न प्रकार की जांचें बहुत ही रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं। जहां अन्य पैथोलॉजी लैब में इन सभी जांचों का खर्च लगभग ₹4,400 तक आता है, वहीं इस शिविर में ₹600 और ₹900 के विशेष पैकेज में जांच की सुविधा दी गई, जिसमें CBC के साथ-साथ विटामिन B-12 एवं D-3 जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी शामिल रहीं।

अरोरा ने आगे बताया कि शिविर में 50 से अधिक लोगों ने भाग लेकर अपनी जांच करवाई और इस सुविधा का लाभ उठाया। लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित यह शिविर अत्यंत सफल रहा। कैट महिला विंग द्वारा इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर प्रत्येक छह माह में नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, जिससे आमजन को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

आयोजकों ने इस सफल आयोजन के लिए डॉ. प्रिया जोशी एवं पूरी पैथोलॉजी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह पहल संभव हो सकी।