T-20 वर्ल्ड कप फाइनल में ऑनलाइन सट्टा : रायपुर में 6 सटोरिए गिरफ्तार, क्रेटा कार समेत 9.76 लाख का सामान जब्त

T-20 वर्ल्ड कप फाइनल में ऑनलाइन सट्टा : रायपुर में 6 सटोरिए गिरफ्तार, क्रेटा कार समेत 9.76 लाख का सामान जब्त

रायपुर। भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेले गए T-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 6 आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने तेलीबांधा और डीडी नगर थाना पुलिस के साथ मिलकर की। आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन, नगद राशि, लाखों रुपए के सट्टे का हिसाब और एक क्रेटा कार समेत करीब 9.76 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 8 मार्च को सूचना मिली थी कि तेलीबांधा क्षेत्र में भारत-न्यूजीलैंड के फाइनल मैच के दौरान कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। टीम ने गली नंबर-2 इलाके में घेराबंदी कर एक चारपहिया वाहन में बैठे 4 आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम धरमू उर्फ धर्मेंद्र पोहानी, संजय तकटानी उर्फ सोनू, राहुल असलानी और अभय शर्मा उर्फ अब्बू बताया।
मोबाइल जांच में पता चला कि आरोपी kingdombooks.com और jmdbet777.com वेबसाइट के जरिए आईडी बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेल रहे थे और अन्य लोगों को भी आईडी बांट रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 8 मोबाइल फोन, 16 हजार रुपए नकद, एक क्रेटा कार (CG-04-MP-0633) और लाखों रुपए के सट्टे का हिसाब जब्त किया।
पुलिस ने बताया कि धरमू उर्फ धर्मेंद्र पोहानी और अभय शर्मा उर्फ अब्बू पहले भी सट्टा और मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
इसी तरह एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस ने सत्यम विहार कॉलोनी, रायपुरा में कार्रवाई कर अनिल खत्री और लीला राम पहलाजानी को गिरफ्तार किया। ये आरोपी Onebet9.com वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। इनके पास से 4 मोबाइल फोन (कीमत करीब 1 लाख रुपए) और करीब 2 लाख रुपए के सट्टे का हिसाब जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही जिन लोगों ने आईडी लेकर ऑनलाइन सट्टा खेला है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने ऑनलाइन सट्टे के 7 मामलों में 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 2.25 करोड़ रुपए से अधिक का मशरूका जब्त किया है।