रेलवे ओवरब्रिज के नीचे गांजा बेचने की फिराक में युवक गिरफ्तार,पुलिस ने दबोचा
रायपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तिल्दा पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 267 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.13 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक युवक गांजा छिपाकर ग्राहकों की तलाश में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से सफेद झोले में रखा गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने गांजे को बड़ी चालाकी से सिलाई कर पेट के ऊपर बांध रखा था और कपड़ों से ढंक रखा था, ताकि किसी को संदेह न हो सके।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रज्वल किसन हुके (22) निवासी वर्धा, महाराष्ट्र बताया। उसके खिलाफ थाना तिल्दा-नेवरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और एसडीओपी वीरेन्द्र चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गांजा और शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

admin 




