कोरबा में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी की हत्या के बाद सिर लेकर गांव में घूमता रहा आरोपी
कोरबा। जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में एक युवक ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसे लेकर पूरे गांव में घूमता रहा, जिससे इलाके में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी सालिक राम यादव ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी छेक बाई की हत्या कर दी। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे चरित्र संदेह की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में बच्चे भी मौजूद थे, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है। आरोपी गांव के एक पोल्ट्री फार्म में चौकीदार के रूप में काम करता था और वहीं अपनी पत्नी व चार बच्चों के साथ रहता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। इस जघन्य घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

admin 





