भीषण गर्मी का कहर, 43°C के पार पारा; 26 अप्रैल से फिर बारिश के आसार 

भीषण गर्मी का कहर, 43°C के पार पारा; 26 अप्रैल से फिर बारिश के आसार 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार को भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। पिछले 24 घंटों में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया, जबकि शनिवार से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। आज से 27 अप्रैल तक प्रदेश के मध्य क्षेत्र के कुछ इलाकों में ग्रीष्म लहर चलने के संकेत हैं।

भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, नानगुर में 6 सेंटीमीटर, गादीरास, दरभा, जगदलपुर और सुकमा में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके बावजूद तापमान में राहत नहीं मिली।

गुरुवार को दुर्ग राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

रायपुर शहर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक, पूर्वी विदर्भ से कोमोरिन क्षेत्र तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जो तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु होते हुए लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।

अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। वहीं मध्य क्षेत्र में कुछ स्थानों पर ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनने की आशंका है। हालांकि, 26 अप्रैल से प्रदेश के कुछ हिस्सों में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है।