रील्स देखकर करते थे चोरी : सुने मकानों और दुकानों में किए वारदात,7 आरोपियों से लाखों का माल बरामद

रील्स देखकर करते थे चोरी : सुने मकानों और दुकानों में किए वारदात,7 आरोपियों से लाखों का माल बरामद

रायपुर। रील्स देखकर ज्वेलरी दुकानों और सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों और बलौदाबाजार जिले में हुई चोरी की 8 घटनाओं का खुलासा करते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 28 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के सतत् मॉनिटरिंग में की गई।
इन थाना क्षेत्रों में की थी वारदात
पुलिस के अनुसार गिरोह ने खम्हारडीह, डीडी नगर, पुरानी बस्ती, पंडरी, आरंग, विधानसभा थाना क्षेत्रों के अलावा जिला बलौदाबाजार के पलारी में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। कहीं सूने मकानों के ताले तोड़े गए, तो कहीं ज्वेलरी दुकानों से लॉकेट और मंगलसूत्र उड़ाए गए।
रील्स देखकर अपनाते थे चोरी का तरीका
जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर चोरी से जुड़े रील्स देखकर ज्वेलरी दुकानों में गहने देखने के बहाने जाते थे और मौका पाकर जेवर लेकर फरार हो जाते थे। वहीं सूने मकानों की रेकी कर ताला तोड़कर चोरी करते थे।
सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल
लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर और पश्चिम क्षेत्र संदीप पटेल के निर्देशन में 6 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
टीमों ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की पहचान की।


गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
खम्हारडीह व डीडी नगर केस:
• हिस्ट्रीशीटर संजय नेताम उर्फ गोलू (43) गिरफ्तार
• 18 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और दोपहिया जब्त
• आरोपी के खिलाफ पहले से आधा दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज
पुरानी बस्ती केस:
• भूपेंद्र पटेल उर्फ गजनी (25)
• करण टांडी (24)
• 2 लाख रुपए के जेवर और नकदी बरामद
आरंग, पंडरी और पलारी केस:
• प्रमोद चतुर्वेदी (22)
• रितेश कुर्रे (20)
• एक विधि से संघर्षरत बालक
• 5 लाख रुपए के जेवर और चोरी की बाइक जब्त
विधानसभा थाना केस:
• रुद्रांश श्रीवास्तव (22)
• 3 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ज्वेलरी दुकानदार सतर्क रहें, सीसीटीवी और अलार्म सिस्टम सक्रिय रखें तथा संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।