अपनी ही सरकार से सवाल पूछने में सत्तापक्ष के विधायक आगे

अपनी ही सरकार से सवाल पूछने में सत्तापक्ष के विधायक आगे

- दो साल में पूछे गए 11526 सवाल

- कौशिक, चंद्राकर और भावना बोहरा टॉप पर 

- हर किसी ने पूछे 264 सवाल

रायपुर। विधानसभा में विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष ने भी अलग-अलग मुद्दों पर सवाल पूछने और सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। फरवरी-मार्च 2024 से फरवरी-मार्च 2026 के बीच 11526 प्रश्न पूछे गए। इसमें विपक्ष ने सात हजार और सत्ता पक्ष के विधायकों ने करीब साढ़े चार हजार सवाल किए। अगर सवाल पूछने में विधायकों के हिसाब से देखें तो इसमें भाजपा के विधायक सबसे आगे रहे।

भाजपा के धरमलाल कौशिक, अजय चंद्राकर और भावना बोहरा ने सबसे अधिक 264-264 प्रश्न पूछे। कांग्रेस की ओर से भोलाराम साहू ने भी 264 सवाल पूछे। इसके अलावा पुन्नूलाल मोहले ने 263 और धर्मजीत सिंह ने 260 प्रश्न पूछकर सक्रिय विधायकों में शामिल रहे। नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत भी विभिन्न मुद्दों पर सवाल करने में आगे रहे, उन्होंने 256 सवाल किए। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सक्रियता अलग-अलग मुद्दों पर भले ही विधानसभा में दिखी लेकिन इन्होंने सिर्फ 72 सवाल किए।

विधानसभा में प्रश्न पूछकर जनप्रतिनिधि सरकार से जवाब मांगते हैं। इनके जरिए ही सरकार की नीतियों, निर्णयों और कार्यप्रणाली की समीक्षा के साथ-साथ आम जनता से जुड़े मुद्दों को भी प्रभावी ढंग से उठाया जाता है। पिछले दो वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि भाजपा और कांग्रेस के कई विधायक नियमित और रणनीतिक तरीके से विभिन्न विभागों से जवाब तलब करते रहे, जिससे सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित होती रही। कई नए विधायकों ने उत्साह से अनेक मुद्दों पर सवाल पूछे वहीं कई वरिष्ठ विधायक सवाल पूछने में पीछे रहे।