मर्डर की सनसनीखेज वारदात: बेटे ने मां की कर दी निर्मम हत्या, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

मर्डर की सनसनीखेज वारदात: बेटे ने मां की कर दी निर्मम हत्या, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही 65 वर्षीय मां की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।

यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मगरवाय गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बेबी बाई वर्मा (65 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटा धनेश्वर प्रसाद वर्मा (42 वर्ष) है।

पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने लकड़ी के पटिया से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं, खासकर सिर पर गहरे घाव पाए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हत्या को बेहद क्रूर बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इधर, वारदात के तुरंत बाद आरोपी धनेश्वर प्रसाद वर्मा खुद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और हत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।