जनगणना 2027 का शुभारंभ: भविष्य की योजनाओं की नींव बनेगा सटीक डेटा - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना कर राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर नागरिकों को इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा जनगणना अभियान संचालित होता है और छत्तीसगढ़ में भी 16 अप्रैल से ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नागरिक 30 अप्रैल 2026 तक पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इस बार जनगणना को डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनी है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना सिर्फ आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि देश और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का आधार है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार आने वाले वर्षों की योजनाएं बनाती है, जिससे विकास का लाभ हर वर्ग तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री के अनुसार 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। 30 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर भवनों की स्थिति, उपयोग और बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, गैस, इंटरनेट आदि से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्रगणकों को सही और पूरी जानकारी दें, क्योंकि हर डेटा राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही यह भी आश्वस्त किया कि सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल नीतिगत उद्देश्यों के लिए होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” के लक्ष्य को हासिल करने में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका है और यह अभियान जनभागीदारी से ही सफल होगा।
इस अवसर पर जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

admin 





