क्रिकेट सट्टे के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के घर छापा, करोड़ों की संपत्ति बरामद
रायपुर। राजधानी में अवैध क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई में सट्टा रैकेट के कथित मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के ठिकानों पर छापेमारी की गई। शुक्रवार को गंज पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त 10 टीमों ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में उसके घर पर सर्च वारंट के साथ दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को घर में बाबू और उसके भाई करण की पत्नियों के अलावा उनकी मां मौजूद मिलीं। जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके परिवार के पास करोड़ों की संपत्ति है। पुलिस को मौके से बीएमडब्ल्यू, क्रेटा समेत कुल 5 लग्जरी कारें भी मिलीं।
प्राथमिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि बाबू खेमानी के पास शहर में कई संपत्तियां हैं, जिनमें रविभवन क्षेत्र में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर करीब एक एकड़ जमीन शामिल है। पुलिस ने बाबू, उसके भाई करण और उनके पिता के बैंक खातों के लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों भाइयों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने के लिए 50 से अधिक फर्जी आईडी बना रखी थीं। इसके अलावा, लेनदेन छिपाने के लिए कई म्यूल अकाउंट्स का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बाबू पहले महादेवबुक ऐप से जुड़ा हुआ था, लेकिन बाद में उसने खुद का सट्टा नेटवर्क खड़ा कर लिया। उसके संपर्क में रहे अन्य लोगों की भी पहचान कर जांच की जा रही है।
खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू खेमानी इंस्टाग्राम सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर सक्रिय था, जहां वह रील्स और वीडियो पोस्ट करता था। इनमें से कई वीडियो में अभद्र भाषा और आपत्तिजनक कंटेंट भी पाया गया है।
इस मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। शहर के एक पूर्व महापौर के भतीजे के साथ बाबू खेमानी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों आपत्तिजनक बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले कबीर नगर क्षेत्र में सट्टे पर कार्रवाई के दौरान बाबू खेमानी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ था, जिसमें उसका चचेरा भाई ओम खेमानी गिरफ्तार किया गया था। उसी दौरान पुलिस को बाबू और करण की भूमिका की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।

admin 





