छत्तीसगढ़ के व्यापारियों के लिए खुले ग्लोबल बाजार के रास्ते
एक्सपोर्ट पर कार्यशाला में दी गई अहम जानकारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के व्यापारियों और लघु उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘Export Awareness and Incentive Schemes’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और उद्योग संचालनालय, छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में होटल किंग्सवे में हुए इस कार्यक्रम में निर्यात से जुड़ी नीतियों, तकनीकी प्रक्रियाओं और प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के उत्पादों में वैश्विक बाजार में पहचान बनाने की अपार क्षमता है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि प्रदेश के छोटे उद्यमी भी ‘लोकल टू ग्लोबल’ की दिशा में आगे बढ़ें।

निर्यात को लेकर बदलेगी सोच
थौरानी ने कहा कि अक्सर यह धारणा रहती है कि निर्यात केवल बड़े उद्योगों तक सीमित है, लेकिन अब सरकारी नीतियों और चेम्बर के सहयोग से छोटे व्यापारी भी अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बना सकते हैं। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी।
सरकारी योजनाओं और पॉलिसी की दी जानकारी
कार्यशाला में उद्योग संचालनालय के डिप्टी डायरेक्टर जागेश्वर कुमार साहू ने ‘IDP 2024-30’ और ‘लॉजिस्टिक पॉलिसी 2025’ पर जानकारी देते हुए बताया कि सरकार मालभाड़े में सब्सिडी और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए निर्यात लागत कम करने का प्रयास कर रही है।
एक्सपोर्ट पीएमयू के विशेषज्ञ डॉ. राहुल नाथ चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग, गुणवत्ता मानक, एक्सपोर्ट डॉक्यूमेंटेशन और विदेशी भुगतान की सुरक्षा जैसे तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

डिजिटल माध्यम से भी मिला मार्गदर्शन
चेम्बर महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि यह आयोजन चेम्बर की नई कार्यशैली का उदाहरण है, जिसमें व्यापारियों को डिजिटल माध्यम से भी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रश्न-उत्तर सत्र में व्यापारियों ने पूछे सवाल
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्न-उत्तर सत्र में व्यापारियों ने निर्यात लाइसेंस, प्रोत्साहन योजनाओं और वैश्विक बाजार की चुनौतियों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया।
कार्यक्रम का संचालन जितेन्द्र शादिजा ने किया, जबकि कार्यकारी अध्यक्ष राधा किशन सुन्दरानी ने सभी प्रतिभागियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर चेम्बर पदाधिकारी, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के व्यापारियों को निर्यात के लिए प्रेरित करना और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना रहा।

admin 





