कांग्रेस नेता के घर डकैती, बेटे की गोली मारकर हत्या, दूसरा घायल
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। लूटपाट के इरादे से घर में घुसे तीन सशस्त्र लुटेरों ने विरोध करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में कांग्रेस नेता के बड़े बेटे की मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात तीन नकाबपोश बदमाश सम्मेलाल कश्यप के घर में घुस आए। बदमाशों ने पहले परिवार के अन्य सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर निकलकर मदद न बुला सके। इसके बाद उन्होंने घर में लूटपाट की कोशिश की। जब परिवार के सदस्यों ने विरोध किया, तो बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
फायरिंग में सम्मेलाल कश्यप के बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छोटे बेटे आशुतोष कश्यप को एक गोली दाहिने कंधे में लगी। घायल आशुतोष को तत्काल जांजगीर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है, हालांकि देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

admin 





