नुआखाई पर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित : उत्कल समाज की भावनाओं का सम्मान
रायपुर। उत्कल समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा ने नुआखाई पर्व के अवसर पर 15 सितम्बर 2026 को रायपुर शहर के सभी शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं में स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने के छत्तीसगढ़ शासन के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai एवं शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि नुआखाई पर्व उत्कल (उड़िया) समाज की आस्था, परंपरा और कृषि संस्कृति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण त्योहार है। यह पर्व नई फसल के आगमन, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर अवकाश घोषित कर शासन ने समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए संवेदनशील निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नुआखाई पर अवकाश घोषित किया जाना समाज के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक है, जिससे लोग अपने पारंपरिक उत्सव को पूरे उत्साह के साथ मना सकेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों, समाजों और संस्कृतियों को समान सम्मान देने की दिशा में कार्य कर रही है। यह निर्णय सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को और मजबूत करेगा।
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि में है और ऐसे निर्णय प्रदेश को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस घोषणा से उत्कल समाज में खुशी और उत्साह का माहौल है।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री और शासन के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप लिए गए ऐसे निर्णय प्रदेश के विकास और सौहार्द्र को नई दिशा देंगे।

admin 





