छत्तीसगढ़ में अब राशन दुकानों से मिट्टी तेल मिलेगा, शहरी कार्ड पर एक और ग्रामीण कार्ड दो लीटर

छत्तीसगढ़ में अब राशन दुकानों से मिट्टी तेल मिलेगा, शहरी कार्ड पर एक और ग्रामीण कार्ड दो लीटर

रायपुर। तेल संकट से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार ने भी बड़ा कदम उठाया है। अप्रैल माह में राशन दुकानों के माध्यम से मिट्टी तेल (केरोसिन) वितरित किया जाएगा। इसका लाभ अंत्योदय और प्राथमिकता श्रेणी के सभी राशनकार्डधारियों को मिलेगा।

सरकारी निर्देशों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में प्रति राशनकार्ड अधिकतम 1 लीटर, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों (अनुसूचित एवं गैर-अनुसूचित) में अधिकतम 2 लीटर केरोसिन दिया जाएगा। खाद्य विभाग ने अप्रैल माह के लिए केरोसिन का आवंटन जारी कर दिया है।

528 किलोलीटर केरोसिन का आबंटन
खाद्य विभाग के मुताबिक, केंद्र सरकार से प्राप्त प्रथम तिमाही (अप्रैल-जून) के कोटे में से 528 किलोलीटर केरोसिन राज्य के राशनकार्डधारियों के लिए आवंटित किया गया है।

कलेक्टरों को सख्त निर्देश
राज्य शासन ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि केरोसिन का समय-सीमा में उठाव और वितरण सुनिश्चित किया जाए। जिन राशन दुकानों में मांग कम है, वहां से शेष स्टॉक को जरूरत वाले क्षेत्रों में पुनः आवंटित किया जाएगा, ताकि किसी भी क्षेत्र में कमी न हो।

30 अप्रैल तक उठाव अनिवार्य
अप्रैल माह के लिए आवंटित केरोसिन का उठाव 30 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। वहीं, ऑयल कंपनियों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे लैप्स कोटा की जानकारी 30 अप्रैल तक विभाग को उपलब्ध कराएं।

इन जिलों को मिला अधिक आवंटन
खाद्य विभाग के अनुसार, बिलासपुर जिले को सर्वाधिक 36 किलोलीटर केरोसिन आवंटित किया गया है। वहीं बस्तर, कांकेर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, रायपुर और जशपुर जिलों को 24-24 किलोलीटर तथा अन्य जिलों को 12-12 किलोलीटर केरोसिन दिया गया है।