डीजी के बेटे के बाद रायपुर में टीआई से भी मारपीट
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी रायपुर में एक युवक को समझाना टीआई को भारी पड़ गया। बदमाश ने दादागिरी करते हुए ड्यूटी में तैनात टीआई का हाथ मरोड़ दिया। घटना में टीआई के कंधे में चोट आई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना गंज थाना क्षेत्र की है।
14 मार्च की रात करीब 12.25 बजे गंज थाना प्रभारी सुनील दास, आरक्षक जितेश मांझी और सौरभ यादव के साथ शहर में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नमस्ते चौक के पास भारी ट्रैफिक जाम और भीड़ लगी थी। टीआई मौके पर पहुंचे तो एक युवक अपनी कार मारूति सुजुकी को गलत तरीके से मोड़कर सड़क के बीच खड़ा कर दिया था, जिसकी वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया था। टीआई ने आरोपी युवक को समझाया और उसे गाड़ी हटाने को कहा, इतने में आरोपी भड़क उठा और धमकी देने लगा कि तुम मुझे नहीं जानते मैं कौन हूं। आरोपी ने अपना नाम हंसु कुमार चंद्रवंशी बताया। टीआई और उनकी टीम के द्वारा बार-बार समझाने के बाद भी आरोपी बहस करते हुए गंज थाना प्रभारी सुनील दास से धक्का-मुक्की करने लगा। इतना ही नहीं आरोपी ने थाना प्रभारी का हाथ मरोड़ दिया।
इससे पहले न्यायधानी बिलासपुर में पार्किंग विवाद के चलते आरोपी ने डीजी पवन देव के बेटे को तमाचा जड़ दिया। पीडि़त ने जब इसकी शिकायत की तो हड़कंप मच गया। डीजी के बेटे को तमाचा मारने की शिकायक को बिलासपुर पुलिस ने गंभीरता से लिया और मामले में कार्रवाई करते हुए तत्काल आरोपी को गिरफ्तार किया गया। डीजी पवन देव के बेटे का नाम तेजस्व देव हैं और वे भिलाई में अधिवक्ता हैं। वर्तमान में तेजस्व देव बिलासपुर में रह कर हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे हैं। पीडि़त तेजस्व ने पुलिस को बताया कि वे सरकंडा क्षेत्र के अशोक नगर चौक स्थित इंडियन काफी हाउस के पास एक क्लाइंट से मिलने के लिए पहुंचे थे, उनके साथ उनके दोस्त साथ थे। तेजस्व देव अपनी कार को पार्क कर रहे थे, तभी पार्किंग के नाम पर स्कार्पियों सवार ने उनसे बहस करनी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि स्कॉर्पियो सवार सागर जायसवाल ने तेजस्व देव को जोरदार थप्पड़ भी जड़ दिया। वहां मौजूद लोगों ने जैसे-तैसे विवाद को शांत कराया, फिर तेजस्व ने इसकी शिकायत सरकंडा थाने पहुंचकर पुलिस से की।

admin 




