भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन रैली में शामिल हुए मुख्यमंत्री
रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को केरल दौरे के दौरान कोट्टायम जिले के चेंगन्नूर एवं अरनमुला विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के नामांकन रैलियों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया और व्यापक जनसमर्थन जुटाया। इस दौरान उन्होंने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से संवाद करते हुए भाजपा के पक्ष में वातावरण को मजबूत किया।
मुख्यमंत्री ने चेंगन्नूर से भाजपा प्रत्याशी श्री एम.वी. गोपाकुमार एवं अरनमुला से श्री कुम्मनम राजशेखरन के समर्थन में आयोजित नामांकन रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह विधानसभा चुनाव केरल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत का अवसर है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केरल में अब बदलाव की आवश्यकता महसूस की जा रही है और जनता एक सशक्त विकल्प की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि केरल की जागरूक और प्रबुद्ध जनता अब परिवर्तन के लिए पूरी तरह तैयार दिखाई दे रही है। लंबे समय से चली आ रही पारंपरिक राजनीति से आगे बढक़र अब लोग विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही आधारित शासन की अपेक्षा कर रहे हैं, जो भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से ही संभव है।
अरनमुला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव केरल की राजनीति में एक निर्णायक मोड़ साबित होगा। उन्होंने कहा कि जनता अब वर्षों से चली आ रही तुष्टिकरण की राजनीति से आगे बढऩा चाहती है और एक ऐसी सरकार चाहती है, जो सभी वर्गों के लिए समान अवसर और न्याय सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि आज केरल की जनता ऐसे नेतृत्व की ओर देख रही है, जो केवल वादे न करे, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने की क्षमता भी रखता हो। विकास, सुशासन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध नेतृत्व ही प्रदेश को नई दिशा दे सकता है और भारतीय जनता पार्टी इस अपेक्षा पर खरी उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है।