महिलाओं पर बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस ने किया मौन प्रदर्शन

महिलाओं पर बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस ने किया मौन प्रदर्शन

भिलाई से जॉन बी प्रसाद की रिपोर्ट

भिलाई। छत्तीसगढ़ में महिलाओं पर बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस पार्टी ने पूरे प्रदेश में एक दिवसीय मौन धरना प्रदर्शन किया। धरना के दौरान कांग्रेसी नेताओं ने अपने मुंह पर काली पट्टी भी बांधी। उन्होंने केंद्र सरकार से महिला अत्याचार के खिलाफ कड़ा कानून लाने की मांग की। कांग्रेस कमेटी के भिलाई शहर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर अपने समर्थकों और कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ चंदूलाल चंद्राकर चौक (घड़ी चौक), सुपेला में धरने पर बैठे। इस दौरान सभी कांग्रेसी रघुपति राघव राजाराम गीत के की धुन में मौन धरना प्रदर्शन करते दिखे।
मुकेश चंद्राकर ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में राज्य के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में एक दिवसीय मौन धरना प्रदर्शन किया है। जिस तरह से महिलाओं और लड़कियों के साथ अपराधिक घटनाएं घट रही हैं वो शासन और पुलिस प्रशासन की विफलता को दर्शाता है। यह धरना प्रदर्शन पूरे प्रदेश में आयोजित किया गया है।
भिलाई नगर निगम की पार्षद और कांग्रेस नेत्री सुभद्रा सिंह ने कहा कि हमारे देश में सिर्फ दो जातियां हैं। एक महिला और एक पुरुष। हमारे देश में नारियों की पूजा होती है, लेकिन आज महिलाओं के साथ छोटी छोटी बच्चियों के साथ जो अत्याचार हो रहा है। देश में आधी आबादी महिलाओं की है। सरकार को चाहिए कि वो इसको लेकर कड़ा कानून लाए। उन्होंने कहा कि जो भी महिला और बच्चों के साथ गलत अपराध करे उसे बीच चौराहे में खड़ा करके गोली मार देना चाहिए। फांसी पर लटका देना चाहिए। उन्होंने कहा महिलाओं को भी नारी शक्ती की पहचान होनी चाहिए। महिलाओं और लड़कियों को चाहिए कि वो भी कुंफू कराटे जैसे सेल्फ डिफेंस की चीजें सीखें, जिससे अपनी आत्म रक्षा कर सकें।