चैत्र की पंचमी पर चैनल इंडिया को मिला ‘देवियों’ का आशीष
स्थापना दिवस पर स्कूल में बच्चों संग ‘न्योता भोज’
स्वाद और खुशियों से महका स्कूल परिसर
बच्चों ने चाव से किया पौष्टिक भोजन
रायपुर। सामाजिक सरोकारों के साथ जुड़ते हुए सांध्य दैनिक चैनल इंडिया अखबार ने अपना 14वां स्थापना दिवस सात अप्रैल को विशेष रूप से मनाया। चैत्र महीने की पंचमी को हुए इस आयोजन में देवीतुल्य कन्याओं ने चैनल इंडिया को भरपूर आशीर्वाद दिया। शांतिनगर स्थित स्वामी आत्मानंद पीजी उमाठे उत्कृष्ट विद्यालय में ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और छात्रों ने एक साथ बैठकर भोजन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के साथ जुड़ाव और उन्हें प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय द्वारा फरवरी 2024 से किए आह्वान के बाद न्योता भोज की जारी परंपरा से जोडऩा था। छात्रों ने बड़े ही उत्साह के साथ न केवल न्योता भोज के बारे में जाना बल्कि उत्साह पूर्वक न्योता भोज किया। साथ ही चैनल इंडिया द्वारा मिले उपहार को पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा, शंकरनगर वार्ड के पार्षद राजेश गुप्ता एवं सिविल लाइन की पार्षद संजना हियाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के हॉल में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. विद्या सक्सेना ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।

चैनल इंडिया के प्रधान संपादक पवन दुबे ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने से उनकी पढ़ाई, व्यवहार और अन्य गतिविधियों की जानकारी मिलती है। यह एक ऐसा मंच है, जहां बच्चे सहज होकर अपनी बात रख सकते हैं और उनकी समस्याओं को समझने का अवसर मिलता है।

चैनल इंडिया की विशेष पहल ‘न्योता भोज’ को सभी ने सराहा
कार्यक्रम के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने चैनल स्कूल के द्वारा लाए उपहार को सभी बच्चों को वितरित किया। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके बाद अतिथियों ने बच्चों के साथ पंक्तिबद्ध बैठकर न्यौता भोज किया और स्वयं भोजन परोसते हुए आत्मीयता का संदेश दिया। विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि न्यौता भोज जैसे आयोजन बच्चों के करीब जाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के जरिए बच्चों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में काम किया जा सकता है। उन्होंने चैनल इंडिया की इस पहल को सराहनीय बताते हुए पूरी टीम को साधुवाद दिया।

पार्षद राजेश गुप्ता ने बताया कि इसी विद्यालय में लगातार तीसरी बार स्थापना दिवस पर न्यौता भोज का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद मजबूत होता है और आत्मीयता का भाव विकसित होता है। पार्षद गुप्ता ने सभी बच्चों से चैनल इंडिया के यूट्यूब चौनल को सब्सक्राइब करने के लिए प्रेरित किया कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने ‘न्यौता भोज’ की सराहना करते हुए इसे समाज को जोडऩे वाली पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और बच्चों के मनोबल को बढ़ाते हैं।

इस अवसर पर चैनल इंडिया के प्रधान संपादक पवन दुबे, समूह संपादक राजेश दुबे, महाप्रबंधक बीडी अग्रवाल, सरकुलेशन हेड रामआसरे राय, सीनियर रिपोर्टर एंव डिजिटल हेड रविशंकर शर्मा, रिपोर्टर आकाश धनगर, रिपोर्टर प्रभात साहू, सहायक महाप्रबंधक आशीष साहू, वीडियो एडिटर लाकेश साहू सहित चौनल इंडिया की पूरी टीम मौजूद रही। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. विद्या सक्सेना के साथ सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं। मंच संचालन डॉ. महिमा गौतम ने किया। विद्यालय की शिक्षिकाओं में सुषमा दुबे, नीता सेंदूर, जे. दास, नीलम चक्रवर्ती, मोहिनी दीवान, अंजू परमार, फरिदा अहमद, ममता वैश्य, अंजलि नायकर, जकिया खान, वहीदा खान, प्रमिला गौतम, आकृति श्रीवास्तव, रिंकू यादव, विनिता कौशल, शिल्पी धर और साक्षी अग्रवाल सहित अन्य स्टॉफ उपस्थित रहे।

चैनल इंडिया की विशेष पहल ने दिया बड़ा संदेश: प्राचार्या
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. विद्या सक्सेना ने कहा कि चैनल इंडिया ने सामाजिक जुड़ाव के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से बड़ा संदेश दिया। यह संदेश शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों के साथ जुडक़र ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। ‘न्यौता भोज’ जैसे आयोजन इस दिशा में सार्थक पहल साबित हो रहे हैं। हमें खुशी है कि चैनल इंडिया ने हमारी स्कूल का चयन न्योता भोज के लिए किया है और लगातार तीन बार हमें अपने स्थापना दिवस के खास अवसर पर शामिल किया। इसके लिए मैं पूरे शाला परिवार की ओर से चैनल इंडिया के प्रधान संपादक पवन दुबे और समूह संपादक राजेश दुबे को धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हैं। चैनल इंडिया जन-जन तक पहुंचे और अपनी सटीक, निष्पक्ष और जन सरोकार की खबरों से काफी लोकप्रिय हो शुभकामनाएं हैं।

admin 





