भिलाई : सुलझ गई बोरे में मिली महिला के लाश की गुत्थी, हाथ पर गुदे 'नाम' ने खोला राज
दुर्ग/भिलाई। भिलाई के चंद्रा-मौर्या अंडरब्रिज के पास नाली में बोरे में बंद मिली महिला की लाश की शिनाख्त आखिरकार हो गई है। सुपेला थाना पुलिस की मेहनत रंग लाई और मृतिका की पहचान भारती निर्मलकर निवासी कोसा नगर, सुपेला के रूप में हुई है। इस अंधे कत्ल (Blind Murder) की गुत्थी सुलझाने के बेहद करीब पहुँच चुकी पुलिस ने तीन संदेहियों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ जारी है।
हाथ पर गुदे नामों से मिला सुराग :
पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग मृतिका के हाथ पर बना गोदना (टैटू) साबित हुआ। महिला के हाथ पर 'लखन, सुरेश, महादेव और आरती' नाम गुदे हुए थे। पुलिस ने इन्हीं नामों और निशानी को विभिन्न माध्यमों से प्रचारित किया था। खबर फैलने के बाद मृतिका का लिव-इन पार्टनर सुपेला थाने पहुंचा और उसने शव की पहचान भारती के रूप में की। इसके बाद महिला के मायके पक्ष के लोगों ने भी पुष्टि कर दी है।
4 दिसंबर से थी लापता :
परिजनों और लिव-इन पार्टनर द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, भारती निर्मलकर को आखिरी बार 4 दिसंबर को एक कार्यक्रम में अपने पार्टनर के साथ देखा गया था। इसके बाद से वह न तो घर लौटी और न ही किसी से संपर्क में थी।
ऐसे चला पुलिस का ऑपरेशन :
12 दिसंबर की सुबह शव मिलने के बाद पुलिस के सामने उसकी पहचान करना सबसे बड़ी चुनौती थी। दुर्ग पुलिस ने शिनाख्त के लिए:
-
दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव समेत दर्जनभर जिलों की गुमशुदगी रिपोर्ट्स खंगालीं।
-
जिले के स्पा सेंटर्स में काम करने वाली महिलाओं का डेटा चेक किया।
-
अंततः सोशल मीडिया और मुखबिरों के जरिए गोदना के निशान ने सही दिशा दी।
तीन संदेही हिरासत में, जल्द होगा खुलासा :
परिजनों के बयान और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि हत्या की वजह और आरोपियों के नाम लगभग साफ हो चुके हैं। जल्द ही इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा (Press Conference) किया जाएगा।

admin 










